अयोध्या : हर्ष फायरिंग में दूल्हा-दुल्हन घायल

अयोध्या : हर्ष फायरिंग में दूल्हा-दुल्हन घायल
अयोध्या !अयोध्या जिले में इनायत नगर थाना क्षेत्र के रमपुरवा गांव में शादी के मंडप में जयमाल के दौरान हर्ष फायरिंग होने से दूल्हा-दुल्हन घायल हो गए।मजनाई गांव की चंदू प्रजापति की 20 वर्षीय पुत्री कंचन प्रजापति बचपन से ही रमपुरवा गांव में रहती थी। नाना राम लखन प्रजापति ने कंचन की शादी सुल्तानपुर जिले की कूरेभार थाना अंतर्गत लोकेपुर के पास सैया गांव के जिया लाल प्रजापति के 22 वर्षीय पुत्र दयाशंकर के साथ 8 जून को तय की थी। बारात आने के बाद शादी की सारी रस्में पूरी की जा रही थीं। द्वार पूजा होने के बाद जयमाल मंडप पर दूल्हा-दुल्हन बैठे हुए थे। इस बीच बाराती पक्ष के कुछ लोगों द्वारा हर्ष फायरिंग की जा रही थी लेकिन अचानक हर्ष फायरिंग के दौरान बंदूक से निकली गोली दूल्हे के पैर को छूती हुई पार कर गई। दुल्हन को भी कुछ छर्रे लगे। दूल्हा-दुल्हन दोनों घायल हो गए और अफरातफरी मच गयी। घबराये बाराती पक्ष के लोगों ने दूल्हे और दुल्हन को निजी वाहन से शाहगंज में प्राइवेट चिकित्सक के यहां इलाज करवाया लेकिन हालत गंभीर होता देख सुल्तानपुर के जिला अस्पताल में इलाज करवाया। रातभर रमपुरवा गांव में अफरा-तफरी मची रही। सुबह होते ही बाराती पक्ष के लोग दूल्हे और दुल्हन को लेकर रमपुरवा गांव पहुंच गए जहां पर विवाह की सारी रस्में पूरी कराते हुए दुल्हन को विदा करा दिया गया। मामले की जानकारी होने पर शाहगंज से पहुंचे चौकी इंचार्ज लोकेंद्र सिंह ने मामले की जांच पड़ताल शुरू की।दरोगा वीरेंद्र पाल ने लड़की पक्ष के आधा दर्जन लोगों से सघन पूछताछ की। इसके बाद जयमाल के दौरान की गई वीडियोग्राफी की फुटेज को भी मंगवाया जिससे हर्ष फायरिंग करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर सके।
