अयोध्या : बर्खास्त लिपिक के खिलाफ प्रधानाचार्य की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

बीकापुर(अयोध्या) ! कोतवाली क्षेत्र के खजुरहट में संचालित एक इंटर कॉलेज के बर्खास्त लिपिक के खिलाफ प्रधानाचार्य की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया है। इंटर कॉलेज के पदेन प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद शर्मा का आरोप है कि पंडित जवाहरलाल नेहरु स्मारक इंटर कालेज खजुरहट के बर्खास्त लिपिक विजय कुमार यादव को इंटर कॉलेज के सहायक अध्यापक रबि प्रकाश सिंह की सेवा पुस्तिका अनुश्रवण हेतु व्यक्तिगत रूप से प्रदान की गयी थी। इसके बाद कई बार अवलोकन के लिए सेवा पुस्तिका वापस करने को कहा गया लेकिन सेवा पुस्तिका वापस नहीं की गई लिपिक विजय कुमार यादव द्वारा सेवा पुस्तिका वापस करने से इंकार कर दिया गया। जिसकी सूचना जिला विद्यालय निरीक्षक को भी भेजी गई है। सहायक अध्यापक रबि प्रकाश सिंह की सेवा पुस्तिका उपलब्ध न होने से सत्यापन कार्य नहीं हो पा रहा है। जिससे रबि प्रकाश सिंह को व्यक्तिगत क्षति हो रही है। मामले में कोतवाली पुलिस द्वारा धारा 409 आईपीसी के अंतर्गत आरोपी विजय कुमार यादव पुत्र देवी दयाल यादव निवासी सैनपुर कोतवाली बीकापुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा केस दर्ज करके जांच पड़ताल की जा रही है।
