अयोध्या : जर्जर मिट्टी की दीवार गिरने से 65 वर्षीय वृद्ध की मौत

बीकापुर(अयोध्या) ! जर्जर मिट्टी की दीवार गिरने से 65 वर्षीय वृद्ध राम झरोखे निवासी सूरासराय लुत्फाबाद बछौली की मलबे की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मृतक का 18 वर्षीय नाती रामअनुज जख्मी हो गया। जिसे उपचार के लिए सीएचसी लाया गया प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने घर भेज दिया। घटना रविवार सुबह करीब 7 बजे की बताई जाती है। बताया गया कि वृद्ध राम झरोखे सुबह चारपाई पर लेटा था मृतक का नाती भी बगल में लेटा हुआ था। इसी दौरान मकान की कच्ची दीवार भरभरा कर गिर पड़ी। और दोनों लोग मलबे की चपेट में आ गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर कोतवाली पुलिस के अलावा उप जिलाधिकारी लव कुमार सिंह भी पहुंचे तथा पंचनामा करवाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया।ग्रामीणों ने बताया कि मृतक का परिवार बहुत ही गरीब है। मृतक के पुत्र की डेढ़ वर्ष पूर्व बीमारी के कारण मौत हो चुकी है। परिवार में मृतक की पत्नी, बेवा बहू तथा 3 छोटे-छोटे नाती है। उप जिलाधिकारी लव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा राहत कोष गृह अनुदान की आर्थिक सहायता दिलाने के लिए कार्यवाही शुरू कराई गई है।
