अयोध्या:तीन करोड़ 95 लाख से तैयार हुआ हाईटेक क्लीनिकल सेंटर

अयोध्या:आचार्य नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय में पशु चिकित्सा का बड़ा केंद्र बन कर तैयार हो गया है। यह पूर्वांचल का एकमात्र ऐसा क्लीनिकल सेंटर है, जहां पशुओं के असाध्य रोगों का निदान हो सकेगा। बीमारियों की जांच के साथ ही चरणबद्ध तरीके से इलाज की सुविधा सुलभ हो गई है। अत्याधुनिक जांच की मशीनों की खरीद हुई है। यह पशुपालकों के लिए राहत देने वाली खबर है। मुख्यमंत्री के आगमन के पूर्व कुलपति डॉ.बिजेंद्र सिंह ने इस केंद्र का निरीक्षण कर सम्यक संचालन का निर्देश दिया। इस केंद्र में पशुओं के खून, पेशाब व गोबर की जांच के साथ ही एक्सरे, अल्ट्रासाउंड सहित अन्य जांचों की सुविधा है।
20 दिसंबर को विवि में किसान सम्मेलन को संबोधित करने आ रहे मुख्यमंत्री योगी पशुधन प्रसार भवन के साथ इस क्लीनिकल सेंटर का लोकार्पण भी करेंगे। विवि के मीडिया प्रभारी डॉ. अखिलेश सिंह ने इस केंद्र की खूबियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि इसे तीन करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से तैयार किया गया है। केंद्र का संचालन हो जाने के बाद पूर्वांचल के पशुपालकों को सहूलियत हो जाएगी। अभी इन्हें पशुओं के इलाज के लिए दूसरे प्रदेशों या फिर पश्चिमी उत्तर प्रदेश का रुख करना पड़ता है। नरेंद्रदेव कृषि विवि में पशु चिकित्सा की आधुनिक सुविधा। मुख्यमंत्री योगी किसानों को करेंगे समर्पित, पशुओं की बीमारियों की जांच व निदान की सुविधा।
उन्होंने बताया कि इतनी बड़ी पशु चिकित्सा सुविधा किसी भी विश्वविद्यालय में एक साथ नहीं है। इस तरह की सुविधा वाला नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यलाय सूबे का पहला विश्वविद्यालय है। उन्होंने इसका श्रेय कुलपति डॉ.बिजेंद्र सिंह के गंभीर प्रयास को दिया। कहा कि उनके मार्गदर्शन में इसके लंबित कार्यों का पूरा किया गया और अब सक्रिय किया जा रहा है। डॉ. अखिलेश सिंह ने बताया कि यह परियोजना वर्ष 2017-18 व 2018 -19 आवंटित हुई थी।
