April 19, 2025

मुलायम की बहू लगाएंगी BJP की नइया पार? यादवों को साधने भाजपा का सहारा बनीं अपर्णा, मिल्कीपुर में पार्टी के लिए बना रहीं माहौल

fb_img_17376502601054599549573616403628.jpg

-शुक्रवार को मुख्यमंत्री आएंगे हरिंग्टनगंज बाजार
अयोध्या: महंत राजू दास के ट्वीट से घबराई भारतीय जनता पार्टी ने मिल्कीपुर उपचुनाव में यादव मतों को सहेजने के लिए राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव को भेजा। अपर्णा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि राजू दास को इस प्रकरण में माफी मांगनी चाहिए। अपर्णा ने कहा कि एक सिद्ध पीठ के महंत के नाते ऐसा नहीं बोलना चाहिए। सार्वजनिक जीवन में इस तरह की टिप्पणी से बचना होगा। अपर्णा यादव उन्हीं मुलायम सिंह यादव की बहू जिनकी प्रयागराज के कुंभ में लगी प्रतिमा के बारे में महंत ने बहुत ही आपत्तिजनक ट्वीट किया है। फिलहाल यह ट्वीट डिलीट हो गया है। लेकिन यादव समाज उससे बहुत ही नाराज है। मिल्कीपुर उपचुनाव में यादव बड़ा वोट बैंक है जो समाजवादी पार्टी का कोर वोटर माना जाता है। उसके युवाओं में इससे बढ़ती नाराजगी को देखते हुए भाजपा ने जनसंवाद कार्यक्रम के बहाने मिल्कीपुर उपचुनाव क्षेत्र में अपर्णा को भेजा गया। मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव भारतीय जनता पार्टी में हैं। यादव मतों को सहेजने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने खेल मंत्री गिरीशचंद्र यादव के अलावा मिल्कीपुर क्षेत्र के रहने वाले रुदौली के विधायक रामचंद्र यादव को सजातीय मतों को पार्टी के पक्ष में मोड़ने के लिए पहले से लगाया गया है। इन दोनों की मेहनत पर महंत के एक ट्वीट ने पानी फेर दिया। इसकी जानकारी जब पार्टी नेतृत्व को दी गई तो उस नाराजगी को दूर करने के लिए उसी मुलायम सिंह यादव के परिवार की बहू अपर्णा को मिल्कीपुर के चुनाव में प्रचार के लिए भेजा गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शुक्रवार को हरिंग्टनगंज में जनसभा होनी है। विधानसभा उपचुनाव की घोषणा होने के बाद मुख्यमंत्री का यह पहला कार्यक्रम है। मतदान पांच फरवरी को है।उससे पहले तीन फरवरी की शाम को चुनाव प्रचार ठप हो जाएगा। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद मतदान को 10 दिन बचेंगे।
इसी हरिंग्टनगंज ब्लॉक के भिटारी गांव में दिवंगत पूर्व सांसद मित्रसेन यादव का घर है। पुत्र व पूर्व मंत्री आनंदसेन यादव भी पार्टी प्रत्याशी अजीत प्रसाद को जिताने के लिए लगे हुए हैं। जब मिल्कीपुर सामान्य विधानसभा सीट रही तो पांच बार पूर्व मित्रसेन यादव विधायक रहे। आनंदसेन उस सीट से चुने गए हैं। 2012 से सुरक्षित सीट होने के बाद समाजवादी पार्टी ने अवधेश प्रसाद को चुनाव लड़ाया जिसमें वह जीते भी। 2017 में वह भारतीय जनता पार्टी के गोरखनाथ बाबा से पराजित हुए। अवधेश प्रसाद ने उस पराजय का बदला भाजपा से 2022 में गोरखनाथ बाबा को पराजित कर अपनी सीट को छीन लिया। 2012 के परिसीमन में मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया गया, इससे पहले वह सामान्य सीट रही। 2024 के लोकसभा चुनाव में इस सीट से विधायक रहे अवधेश प्रसाद के सांसद निर्वाचित होने के बाद यह उपचुनाव हो रहा है जिसमें समाजवादी पार्टी ने उनके पुत्र अजीत प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है तो भारतीय जनता पार्टी ने गोरखनाथ बाबा का टिकट काटकर चंद्रभान पासवान पर दांव लगाया है।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading