अपनों से दूर रहकर गैरों के बीच खुशियां बांटती मवई की खाकी,एसओ ने नट डेरा पहुंचकर गरीबों के बीच मनाई दीवाली
एसओ ने बच्चों को बांटी मिठाइयां, पटाखे और दीप जलाने का सामान,आर्थिक तंगी से फीकी थी इन गरीब परिवारों की दिवाली, खाकी ने चेहरे पर बिखेरी मुस्कान।

फोटो : घुमंतू परिवारों में मिठाई बांट दिवाली मनाते मवई एसओ मनोज कुमार।
मवई(अयोध्या) ! वर्दी के पीछे छिपी संवेदनशीलता और इंसानियत की तस्वीर दीपावली की शाम मवई क्षेत्र में देखने को मिली। जब लोग अपने परिवार के साथ दीपोत्सव की खुशियां मना रहे थे, तब मवई थानाध्यक्ष मनोज कुमार अपनों से दूर रहकर जरूरतमंद परिवारों के बीच खुशियां बांट रहे थे। उन्होंने गरीबों के घर रोशन कर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।
दीपावली की शाम क्षेत्र में गश्त के दौरान थानाध्यक्ष मोहम्मदपुर दाउदपुर गांव के निकट नट डेरा पहुंचे। वहां सभी परिवारों के घरों में न रोशनी दिखी न ही त्योहार की कोई रौनक ही नजर आई। पूछताछ में आर्थिक तंगी के कारण दीपावली की खुशियां नहीं मना पाने की बात सामने आई। इस पर थानाध्यक्ष ने बाजार से मिठाई, पटाखे, मिट्टी के दीये, चूड़ा, लाई और अन्य जरूरी सामान खरीदकर बच्चों व उनके परिवारों को वितरित किया। उन्होंने परिवारों की आर्थिक मदद भी की और उनके साथ दीपावली मनाई।खाकी के इस मानवीय चेहरे की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है।इस दौरान चौकी इंचार्ज रामदास नगर आयुष यादव मवई चौराहा चौकी प्रभारी प्रभात कुमार द्विवेदी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

