रुदौली स्थित मखदूम साहब का 610वां उर्स 26 नवंबर को विसाली कुल के साथ होगा संपन्न
देशभर के सज्जादानशीन और हजारों जायरीन करेंगे शिरकत, एक माह तक चलेगा मेला।
सज्जादानशीन नय्यर मियां ने प्रेसवार्ता कर जारी किया उर्स के कार्यक्रमों का ब्योरा।

रुदौली संवाददाता ! चिश्ती साबरी सिलसिले के महान सूफी संत हजरत शेख अहमद अब्दुल हक मखदूम साहब का 610वां सोलह दिवसीय उर्स दरगाह शरीफ में 11 नवंबर से शुरू हो चुका है। उर्स का समापन 26 नवंबर को आखिरी विसाली कुल के साथ होगा। सज्जादानशीन मुतवल्ली शाह अम्मार अहमद अहमदी नय्यर मियां ने प्रेसवार्ता कर उर्स के प्रमुख कार्यक्रमों की जानकारी दी।उन्होंने बताया कि उर्स के दौरान प्रतिदिन रात 7:30 बजे नमाज-ए-ईशा के बाद महफिल-ए-समा आयोजित हो रही है।

20 नवंबर को खानकाह शेख उल आलम में मदरसा जामिया चिश्तिया का 25वां दीक्षांत समारोह होगा। इसमें 16 हाफिजों और तीन आलिमों को उपाधि दी जाएगी। 23 नवंबर को कुरानख्वानी, जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी और रात में हाजिरी की महफिल होगी। 24 नवंबर को खिताब और महफिल-ए-समा आयोजित होगी।25 नवंबर को चरागदान की रस्म के साथ महफिल-ए-समा होगी। इस दौरान इस्लामिक पुस्तकों का विमोचन भी किया जाएगा। उर्स के मुख्य दिन 26 नवंबर को रात तीन बजे पहला कुल होगा। सुबह छह बजे मखदूम साहब की मजार को केवड़े और गुलाबजल से धोकर इत्र लगाने की रस्म अदा की जाएगी।

दोपहर दो बजे खिरका शरीफ की महफिल के बाद आखिरी विसाली कुल होगा। इसमें देशभर की दरगाहों के सज्जादानशीन और हजारों जायरीन शामिल होंगे। इस दौरान झुब्बा शरीफ सहित विभिन्न तबर्रुकात की जियारत कराई जाएगी। उर्स के समापन के साथ ही करीब एक माह तक चलने वाला मेला भी जायरीनों और श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा।

