November 12, 2026

10 सीट की गाड़ी में ठूंस दिए 15 लोग, 700 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन; नेपाल में हुए हादसे में 10 की मौत

10 सीट की गाड़ी में ठूंस दिए 15 लोग, 700 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन; नेपाल में हुए हादसे में 10 की मौत

<span class="img-name">नेपाल में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है। </span> <span class="img-source">Image Source : REPORTER INPUT </span>

  • नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह यात्रियों से भरी ईवी हाइस खाई में गिर गई।
  • 10 सीटों वाले वाहन में चालक समेत 15 लोग सवार थे, हादसे में सभी मृतक सर्लाही के निवासी थे।
  • मृतकों में तीन महिलाएं और दो बच्चियां शामिल हैं, घायलों का हेटौंडा अस्पताल में इलाज जारी है।

काठमांडू: नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। काठमांडू से हेटौंडा जा रही यात्रियों से भरी एक ईवी हाइस वैन करीब 700 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में चालक समेत 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए। नेपाल पुलिस केंद्रीय कार्यालय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर हादसे में 10 लोगों की मौत और पांच लोगों के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि की है।

मृतकों में 3 महिलाएं और 2 बच्चियां शामिल

यह दुर्घटना भीमफेदी गांवपालिका-6 के चिसापानीगढ़ी में हुई। जानकारी के मुताबिक, मधेश प्रदेश में रजिस्टर्ड ईवी हाइस गुरुवार सुबह सर्लाही जिले के यात्रियों को लेकर काठमांडू से हेटौंडा जा रही थी। इसी दौरान भीमफेदी-कुलेखानी-काठमांडू सड़क मार्ग पर चिसापानीगढ़ी के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में जान गंवाने वालों में तीन महिलाएं, दो बच्चियां और पांच पुरुष शामिल हैं। सभी 10 लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने की प्रक्रिया में जुटी है। इस दुर्घटना में घायल हुए पांच लोगों को इलाज के लिए हेटौंडा अस्पताल पहुंचाया गया है।

10 सीट की गाड़ी में सवार थे 15 लोग

हादसे की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जिस ईवी हाइस की क्षमता केवल 10 लोगों की थी, उसमें चालक समेत कुल 15 लोग सवार थे। यानी गाड़ी में निर्धारित क्षमता से पांच लोग अधिक बैठे हुए थे। मृतक और घायल सभी सर्लाही जिले के चक्रघट्टा गांवपालिका-4 स्थित सुन्दरपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों में 33 साल के मुकेश यादव, 5 वर्षीय सक्षम कुमार यादव और 3 वर्षीय सुदन यादव भी शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मुकेश और सक्षम की हालत सामान्य थी, जबकि सुदन की स्थिति मध्यम बताई गई थी। सभी घायलों का हेटौंडा अस्पताल में इलाज चल रहा है।

चालक को झपकी आने की आशंका

हादसा सुबह तड़के हुआ। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि वाहन चलाते समय चालक को झपकी आ गई होगी, जिसके कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हालांकि, दुर्घटना की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

प्रशासन ने चलाया बचाव अभियान

दुर्घटना की सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस, सशस्त्र प्रहरी बल, नेपाली सेना और बागमती प्रदेश आपदा प्रबंधन गुल्म की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सभी ने मिलकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया। मकवानपुर जिला पुलिस कार्यालय के एसपी श्यामबहादुर खत्री के नेतृत्व में भी पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। यह जगह भीमफेदी इलाका पुलिस कार्यालय से करीब आठ किलोमीटर उत्तर में स्थित है। घटनास्थल पर बचाव कार्य और घायलों के इलाज की प्रक्रिया जारी है।

भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाके में शोक

बता दें कि मकवानपुर जिले का मुख्यालय हेटौंडा भारत के रक्सौल शहर से करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित है। इस भीषण हादसे की खबर से नेपाल के साथ-साथ सीमावर्ती भारतीय क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। एक ही गांव के इतने लोगों की मौत से सुन्दरपुर के लोगों में मातम पसरा हुआ है। बता दें कि कुछ महीने पहले भी नेपाल में हुए एक ऐसे ही हादसे में 20 लोगों की जान चली गई थी।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading