November 12, 2026

अयोध्या : गांव की गलियों से लोकपाल तक पहुंचे अयोध्या के संतोष तिवारी

IMG-20261112-WA0018

धरमपुर गांव के रहने वाले 2011 बैच के आईएसएस अधिकारी को लोकपाल में निदेशक की जिम्मेदारी
पिता को मानते हैं अपना गुरु, कठिन परिस्थितियों में भी नहीं डिगा सेवा का संकल्प।

अयोध्या ! अयोध्या की मिट्टी में जन्मे संतोष कुमार तिवारी ने अपनी मेहनत और लगन से जिले का नाम रोशन किया है। धरमपुर गांव से निकलकर भारतीय प्रशासनिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचे संतोष तिवारी को केंद्र सरकार ने लोकपाल में निदेशक नियुक्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी है। उनकी सफलता ग्रामीण परिवेश के युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही है।

2011 में भारतीय सांख्यिकी सेवा में हुआ था चयन

संतोष कुमार तिवारी का चयन वर्ष 2011 में भारतीय सांख्यिकी सेवा (आईएसएस) में हुआ था। उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय से संबद्ध आर्थिक सलाहकार कार्यालय में सहायक निदेशक के रूप में सेवाएं शुरू कीं। यहां तीन वर्ष तक कार्य किया। इसके बाद एमएसएमई मंत्रालय में उप निदेशक (प्रशासन) एवं कार्यालय प्रमुख के रूप में चार वर्ष तक जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान छोटे उद्यमों के विकास से जुड़े कार्यों में योगदान दिया।इसके बाद महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में संयुक्त निदेशक और ग्रामीण विकास मंत्रालय में निदेशक के पद पर कार्य किया। ग्रामीण विकास मंत्रालय में उन्होंने दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना और ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थानों से जुड़ी जिम्मेदारियां निभाईं। इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने में योगदान दिया।

पांच वर्ष के लिए लोकपाल में नियुक्ति

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) के जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, संतोष कुमार तिवारी को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर लोकपाल में निदेशक नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से पांच वर्ष अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, निर्धारित किया गया है।संतोष तिवारी अपनी सफलता का श्रेय पिता श्री श्रीचंद्र तिवारी को देते हैं। उन्हें अपना गुरु और मार्गदर्शक मानते हैं। एयरपोर्ट विस्तार के कारण उनका पैतृक घर भी प्रभावित हुआ और परिवार को नव्य धरमपुर कॉलोनी आशापुर में पुनर्वासित होना पड़ा। इन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना जारी रखा। आज उनकी उपलब्धि अयोध्या के युवाओं को मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रही है।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading