रामनगरी से जनकपुर धाम तक 23 नवंबर से दौड़ेगी वंदे भारत ट्रेन , दोनों देशों के धार्मिक संबंधो को मिलेगी उड़ान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह दिल्ली से वर्चुअल दिखाएंगे हरी झंडी,अयोध्या स्टेशन पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई दिग्गज रहेंगे मौजूद,पांच करोड़ की लागत से बने यात्री सुविधा केंद्र का भी होगा शुभारंभ।

अयोध्या ! भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम (नेपाल) के बीच जल्द ही सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देने वाली इस रेल सेवा का शुभारंभ 23 नवंबर को प्रस्तावित है। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से जनकपुर धाम के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस से वर्चुअल हरी झंडी दिखाएंगे।इस ऐतिहासिक अवसर पर अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, सांसद अवधेश प्रसाद, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी और विधायक वेद प्रकाश गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
रामायण सर्किट को मिलेगी नई पहचान।
अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच रेल संपर्क स्थापित होने से रामायण सर्किट को नई गति मिलने की उम्मीद है। दोनों धार्मिक नगरियों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। अभी तक दोनों स्थलों की यात्रा के लिए अलग-अलग साधनों का सहारा लेना पड़ता है। नई रेल सेवा से भारत और नेपाल के श्रद्धालु भगवान श्रीराम और माता सीता से जुड़े दोनों प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा आसानी से कर सकेंगे।प्रस्तावित रेल मार्ग करीब 464 किलोमीटर का बताया जा रहा है। ट्रेन बिहार के जयनगर के रास्ते नेपाल के जनकपुर धाम पहुंचेगी। सीमा पार करने वाले यात्रियों की आवश्यक कस्टम, सुरक्षा और अन्य जांच संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर दोनों देशों के अधिकारियों के बीच समन्वय किया जा रहा है। शुरुआती दौर में सप्ताह में एक दिन ट्रेन चलाने की योजना भी सामने आई है।
यात्री सुविधा केंद्र का करेंगे उद्घाटन।
रेल सेवा के शुभारंभ के साथ ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन परिसर में नवनिर्मित यात्री सुविधा केंद्र का भी उद्घाटन करेंगे। करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस आधुनिक केंद्र का क्षेत्रफल लगभग 10 हजार वर्गफुट बताया जा रहा है। इसके शुरू होने से स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच रेल सेवा की शुरुआत को भारत-नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों की नई कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। इससे दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन, स्थानीय व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

