अयोध्या : मोटर दुर्घटना मुआवजा मामलों के निस्तारण में लग रहे 5 से 10 साल , बाबा गोरखनाथ ने उठाये सवाल
पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा ने डीएम को पत्र भेजकर पूर्व की न्यायिक व्यवस्था बहाल करने की मांग की,अयोध्या और अंबेडकरनगर के लिए एक ही मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति न्यायाधिकरण, हर साल 700 से अधिक मुकदमे,पहले तीन से चार तारीखों में होती थी सुनवाई, अब दो से तीन महीने बाद मिल रही तारीख।

अयोध्या ! मोटर दुर्घटना में जान गंवाने या घायल होने वाले लोगों के परिजनों को मुआवजा मिलने में हो रही देरी का मामला सामने आया है। मिल्कीपुर के पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा ने जिलाधिकारी अयोध्या को पत्र भेजकर मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति न्यायाधिकरण (एमएसीटी) की व्यवस्था को समाप्त करने और पूर्व की जनपद न्यायाधीश स्तर की व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि न्यायाधिकरण में मुकदमों की सुनवाई में देरी से पीड़ितों को समय पर न्याय नहीं मिल पा रहा है।पूर्व विधायक ने पत्र में उल्लेख किया है कि नौ जनवरी 2019 को प्रदेश के 71 जिलों में 75 मोटर दुर्घटना न्यायाधिकरण गठित किए जाने की अधिसूचना जारी हुई थी। इसके तहत अयोध्या और अंबेडकरनगर के लिए एक ही न्यायाधिकरण स्थापित किया गया।

17 मार्च 2020 को संगीता श्रीवास्तव को इसका प्रथम पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया था। इसके बाद से मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति के मुकदमों की सुनवाई इसी न्यायाधिकरण में हो रही है।बाबा गोरखनाथ ने बताया कि अयोध्या में प्रतिवर्ष करीब 400 से 450 और अंबेडकरनगर में 300 से 350 मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति के मुकदमे दाखिल होते हैं। पूर्व में दोनों जिलों में करीब 18 से 20 न्यायाधीश इन मामलों की सुनवाई करते थे, जबकि वर्तमान में एक ही न्यायाधिकरण कार्यरत है। पहले मुकदमों में महीने में तीन से चार तारीखें निर्धारित होती थीं और छह से 12 महीने में निस्तारण हो जाता था।

अब दो से तीन महीने बाद तारीख मिलने के कारण मुकदमों के निस्तारण में पांच से दस साल तक का समय लग रहा है।पूर्व विधायक ने न्यायाधिकरण में स्टेनो और अन्य कर्मचारियों की कमी, उम्रदराज अधिकारियों तथा कार्यक्षमता प्रभावित होने का भी उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने में देरी के कारण आर्थिक रूप से कमजोर पीड़ितों को कम मुआवजे पर समझौता करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।पूर्व विधायक ने जिलाधिकारी से मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति न्यायाधिकरण की व्यवस्था समाप्त कर पूर्व की जनपद न्यायाधीश स्तर की व्यवस्था पुनः लागू कराने के लिए आवश्यक पहल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित, सुलभ और सस्ता न्याय मिल सकेगा।

