अयोध्या : सड़क हादसे में घायल मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान की हालत में सुधार
लखनऊ में चल रहा उपचार, बीकापुर विधायक ने जिला अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी,डीएम समेत पुलिस अधिकारियों ने लिया घटनास्थल का जायजा, डंपर और चालक पुलिस हिरासत में।
अयोध्या ! सड़क दुर्घटना में घायल मिल्कीपुर के भाजपा विधायक चंद्रभानु पासवान की हालत में सुधार बताया जा रहा है। उनका लखनऊ में उपचार चल रहा है। विधायक के घायल होने की जानकारी मिलते ही जिले के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल मच गई। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने पुलिस अधिकारियों के साथ जिला अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं, पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर शाम थाना पूराकलंदर क्षेत्र के रानी बाजार स्थित भंभवा चौराहे के पास विधायक चंद्रभानु पासवान की फॉर्च्यूनर गाड़ी डंपर की चपेट में आ गई थी। हादसे में विधायक चोटिल हो गए। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी सहित पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर उनका हाल जाना और दुर्घटना के संबंध में जानकारी ली। बाद में बेहतर उपचार के लिए उन्हें लखनऊ ले जाया गया।
बीकापुर विधायक डा0 अमित सिंह चौहान ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर चंद्रभानु पासवान के स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक कुमार सिंह रोहित ने लखनऊ स्थित अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना।
विधायक के घायल होने की सूचना पर अयोध्या महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, गोसाईगंज विधायक अभय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार पांडेय खुन्नू, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र और जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अजय रावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं समर्थकों ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।उधर, पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर और उसके चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों और परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।

