वीरांगना ऊदा देवी के शौर्य और महाराजा बिजली पासी के पराक्रम को किया याद
169वें शौर्य दिवस एवं 23वें मूर्ति स्थापना दिवस पर जुटे पासी समाज के लोग,कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ।

अयोध्या। सहादतगंज स्थित बढ़ई का पुरवा में महाराजा बिजली पासी के किले में वीरांगना ऊदा देवी पासी का 169वां शौर्य दिवस एवं पासी शिरोमणि महाराजा बिजली पासी का 23वां मूर्ति स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। श्री राम अवध पासी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मिल्कीपुर के पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान समाज के लोगों ने वीरांगना ऊदा देवी और महाराजा बिजली पासी के शौर्य, साहस और बलिदान को याद कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बाबा गोरखनाथ ने कहा कि पासी समाज का इतिहास वीरता, स्वाभिमान और बलिदान की गौरवशाली गाथाओं से भरा हुआ है। वीरांगना ऊदा देवी पासी और महाराजा बिजली पासी जैसे महापुरुषों का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके संघर्ष और पराक्रम को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाज को अपने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर शिक्षा, एकता और सामाजिक जागरूकता के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहिए।

शिक्षित और संगठित समाज ही अपनी पहचान और सम्मान को और मजबूत बना सकता है।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पासी कल्याण परिषद के अध्यक्ष राम अवध पासी ने समाज के लोगों से अपने महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करने तथा सामाजिक एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया। आयोजन में बड़ी संख्या में पासी समाज के लोगों ने सहभागिता कर महापुरुषों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।इस अवसर पर सामाजिक एकता, शिक्षा और समाज के उत्थान का संकल्प भी लिया गया।

